पंचायत विकास दिवस पर ग्रामसभा में हुए शामिल, बोले— गांवों का सर्वांगीण विकास ही मेरी पहली प्राथमिकता
फारबिसगंज। पंचायत विकास दिवस के अवसर पर फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत अपने गृह पंचायत मझुआ के मध्य विद्यालय, गोपालपुर परिसर में आयोजित ग्रामसभा विकास और जनभागीदारी का सशक्त मंच बनी। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मनोज विश्वास ने अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, स्थानीय मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा ग्रामीणों को संबोधित किया।
ग्रामसभा को संबोधित करते हुए विधायक मनोज विश्वास ने कहा कि फारबिसगंज विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है, इसलिए गांवों का विकास ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार और जनप्रतिनिधि निरंतर कार्य कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य विकास योजनाओं को गांव की चौपाल तक पहुंचाना और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। ग्रामसभा के माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सकते हैं, जिससे उनके त्वरित समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही पंचायतें सशक्त होंगी और विकास की रफ्तार और तेज होगी।
कार्यक्रम के अंत में विधायक मनोज विश्वास ने पंचायत विकास दिवस में उपस्थित सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास के साथ फारबिसगंज को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लगातार जारी रहेगा।






