सिकटी से शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गुप्त सूचना के आधार पर सिकटी थाना पुलिस ने ऐसी शराब की खेप पकड़ी है, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने शराब को बाइक, बैग और झाड़ियों में छिपाकर रखा था।सिकटी थाना पुलिस ने कुतुम्बगंज-कुचहा रोड स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान पलासी थाना क्षेत्र के चौरी गांव निवासी बिट्टू, उम्र 27 वर्ष और रवि कुमार, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।बाइक, बैग और झाड़ियों से बरामद हुई शराब


पुलिस ने मौके से TVS Raider बाइक, निबंधन सं0- BR 38AH 1380 को जब्त किया। तलाशी के दौरान बाइक के बैग और सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाए गए बोरों से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।पुलिस के अनुसार कुल 314.700 लीटर रेशम लीची नेपाली देशी शराब जब्त की गई है। शराब को अलग-अलग बैग और बोरों में 300 ML की बोतलों में पैक कर रखा गया था।सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी खेप आखिर कहां पहुंचाई जानी थी? पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।सिकटी थानाध्यक्ष रौशन सिंहने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय में पेशी के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने जब्त शराब और बाइक को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में तस्करों में हड़कंप मच गया है।