राघोपुर, सुपौल
शास्त्री की पढ़ाई शुरू करने की रखी मांग
कुर्साकांटा। अररिया प्रखंड के अनंत लाल सार्वजनिक संस्कृत उपशास्त्री महाविद्यालय जमुआ खमगड़ा में पहली बार उपशास्त्री परीक्षा सेंटर बनाया गया है और आज परीक्षा का समापन हो जाएगा। सीमांचल क्षेत्र के अररिया, किशनगंज, पुर्णिया, कटिहार जिला के छात्रों खासकर छात्राओं के लिए उपशास्त्री परीक्षा केंद्र यहां बनने से केंद्र पर परीक्षा दे रही अधिकांश छात्राएं को काफी हद तक फायदा हुआ है। परीक्षा दे रहे छात्रों ने इस कालेज में परीक्षा सेंटर देने के लिए कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के वीसी के प्रति आभार प्रकट करते हुए यहां हर साल परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग की है। छात्रों ने यहां पर शास्त्री की पढ़ाई शुरू करने की मांग वीसी से की है। मालूम हो कि इन चार पांच जिलों की अधिकतर छात्राएं उपशास्त्री की पढ़ाई कर रही है और उन्हें आगे शास्त्री की पढ़ाई के लिए अन्यत्र जाने की मजबूरी है। खासकर छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को यहां पर शास्त्री की पढ़ाई शुरू करने की जरूरत है। छात्रों ने इसके लिए कालेज के प्राचार्य प्रो अशोक कुमार झा से पहल करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को इस ओर ध्यान दिलाने की दिशा में सार्थक प्रयास करने की मांग की। प्राचार्य प्रो झा ने कहा कि यहां पर पहली बार परीक्षा सेंटर बनने से छात्रों व अभिभावकों में खुशी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विशेष निरीक्षक डॉ राम संयोग राय , केंद्राधीक्षक सह विवि प्रतिनिधि डॉ संतोष पासवान द्वारा परीक्षा का मुआयना किया गया। उन्होंने शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न कराने में विवि प्रशासन, छात्रों व अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।







