शकील सैफी ने किया पीएम मोदी के 7 अपील का समर्थन, बोले- राष्ट्रहित में हर व्यक्ति दे योगदान
नई दिल्ली I
वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन शकील सैफी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशहित में की गई 7 अपीलों का जोरदार समर्थन करते हुए कहा कि आज भारत आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सशक्तिकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए संदेश केवल सुझाव नहीं, बल्कि देश को मजबूत बनाने का राष्ट्रीय संकल्प हैं।
शकील सैफी ने कहा, “मैं भी आज से बड़े गाड़ियों के काफिले में नहीं चलूंगा। मैंने अपने कार्यालय को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। अब वर्ल्ड पीस हार्मनी का कार्यालय भी डिजिटल माध्यम से संचालित होगा। मैं वर्चुअल मीटिंग्स और डिजिटल संवाद को प्राथमिकता दूंगा तथा रोज़ होने वाली औपचारिक और शिष्टाचार मुलाकातों को भी व्यवस्थित और सीमित करूंगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है और देशवासियों से भी उसी भावना के साथ जुड़ने का आह्वान किया है। यदि देश का प्रत्येक नागरिक छोटी-छोटी जिम्मेदारियों को अपनाए, तो भारत आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत बन सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी की 7 अपीलों का समर्थन करते हुए शकील सैफी ने कहा कि “वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देना केवल सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है। पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विदेशी निर्भरता भी घटेगी।”
उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक सोना खरीदने से बचने की अपील करते हुए कहा कि इससे देश का विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत होगा और अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने का आग्रह करते हुए कहा कि देश के भीतर पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना आज समय की आवश्यकता है।
शकील सैफी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “आत्मनिर्भर भारत” और “वोकल फॉर लोकल” जैसे अभियानों ने देश में नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि इससे भारतीय उद्योग, छोटे व्यापारियों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने प्राकृतिक खेती को भविष्य का मार्ग बताते हुए कहा कि रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए किसानों को अब प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए। साथ ही खाने के तेल के सीमित उपयोग की अपील को भी उन्होंने स्वास्थ्य और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।शकील सैफी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और हर नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित के इन प्रयासों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाए।







