• प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं सीएचओ हुए शामिल
• 2025 में जिले से डेंगू के 25 मरीज प्रतिवेदित
बक्सर- हर वर्ष 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस का आयोजन किया जाता है. इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर व्यापक पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाने की योजना है. जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक हर स्तर पर लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक किया जाएगा. दिवस के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जूम मीटिंग कर इसपर चर्चा की गयी और जरुरी निर्देश दिए गए. वर्ष 2025 में जिला में 25 डेंगू मरीज प्रतिवेदित हुए थे.
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. शैलेंद्र कुमार ने कहा कि 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और आंगनवाड़ी केंद्रों पर राष्ट्रीय डेंगू दिवस आयोजित किया जाए और इसका प्रतिवेदन उसी दिन शाम को कार्यालय को उपलब्ध करा दिया जाए. उन्होंने कहा कि सभी सीएचओ, जी.एन.एम, ए.एन.एम एवं वेक्टर डिजीज बोर्न सुपरवाइजर अपने क्षेत्र के मिडिल या हाई स्कूल में जागरूकता का काम करेंगे और उसका फोटो एनसीवीबीडीसी ग्रुप में भेजेंगे.
डॉ. शैलेंद्र कुमार ने कहा कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीएचएम, बीसीएम और वीबीडीएस जन प्रतिनिधि से डेंगू दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता को लेकर संवाद करेंगे. उन्होंने निर्देश दिया कि जिस संस्थान के पास डेंगू हैंड बिल नहीं है, वे कार्यालय से उसे अविलंब उठा लें. सरकारी संस्थानों के के सभी स्टाफ को भी डेंगू दिवस के अवसर पर जागरूक किया जाए.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर बड़े प्रखंड लगभग 6-7 हजार लोगों को जागरूक करेंगे और छोटे प्रखंड 4-5 हजार लोगों को जागरूक करेंगे. उन्होंने निर्देशित किया कि डेंगू दिवस के दिन से ही डेंगू को लेकर तैयारी शुरू कर दी जाए. डेंगू किट एवं सभी प्रकार की दवाईयों की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. इस अवसर पर जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. शैलेद्र कुमार के साथ जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. शालिग्राम पांडेय, जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ. सौरभ राय, वीडीसीओ पंकज कुमार और सिफार के विजय शंकर उपस्थित रहे.







