गुलाबबाग में विधायक विजय खेमका के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ से गूंजा शहर
पूर्णिया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने तथा देश की आजादी के 80 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को गुलाबबाग में विधायक विजय खेमका के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए।
पाट व्यवसायी भवन से महावीर मंदिर तक तिरंगे का कारवां
तिरंगा यात्रा पाट व्यवसायी भवन से प्रारंभ होकर सोनौली चौक स्थित महावीर मंदिर तक पहुंची। यात्रा में भाजपा नगर मंडल के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता, गुलाबबाग के व्यवसायी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। तिरंगा लहराते लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
‘हर घर तिरंगा, हर दिल में तिरंगा’
विधायक विजय खेमका ने कहा कि “देश सर्वोपरि है और देश प्रथम है। हमारा प्यारा तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान और गौरव के लिए प्रत्येक भारतीय गौरवान्वित है।”
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन में और मजबूत करने का माध्यम है।
विधायक ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा, हर दिल में तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराए और देश के प्रति अपने सम्मान एवं समर्पण की भावना प्रकट करे।
अंत में विधायक ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







