डॉ. पूनम यादव बोलीं—‘तिरंगा यात्रा राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत करने का अभियान’

मधेपुरा कॉलेज से बीएनएमयू तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, एनसीसी कैडेट्स ने गूंजाए देशभक्ति के नारे

मधेपुरा I

17 बिहार बटालियन एनसीसी,मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के बैनर तले बुधवार को को मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा परिसर स्थित बिंदेश्वरी सभागार से भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय परिसर तक तिरंगा यात्रा निकाला गया।तिरंगा यात्रा को श्री कृष्ण विश्वविद्यालय के कुलपति सह मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा के संस्थापक प्रधानाचार्य डॉ अशोक कुमार,मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा की प्रधानाचार्य डॉ पूनम यादव एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉक्टर गौतम कुमार ने संयुक्त रूप से तिरंगा झंडे के साथ रवाना किया।

देश की आन बान और शान है तिरंगा

तिरंगा यात्रा को रवाना करते हुए डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि यात्रा के माध्यम से भारतीय नागरिकों में देशभक्ति की भावना को भरने का काम किया जा रहा है. हमारे संघर्षों त्याग बलिदान ,उपलब्धि का साक्षी है तिरंगा।देश की तिरंगा के सम्मान में यह यात्रा निकाली जा रही है. हमारे देश की आन बान और शान तिरंगा है जिसे हर भारतीय सम्मान देते हैं।तिरंगा झंडे के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि भारत के राष्‍ट्रीय ध्‍वज की ऊपरी पट्टी में केसरिया रंग है जो देश की शक्ति और साहस को दर्शाता है। बीच में स्थित सफेद पट्टी धर्म चक्र के साथ शांति और सत्‍य का प्रतीक है। निचली हरी पट्टी उर्वरता, वृद्धि और भूमि की पवित्रता को दर्शाती है।वहीं अशोक चक्र धर्म और कानून का प्रतीक है। यह भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के केंद्र में स्थित है और 24 तीलियों से बना है, जो जीवन की निरंतर गति और 24 गुणों का प्रतिनिधित्व करती हैं.

तिरंगा यात्रा अपने संघर्षों से लोगों को जोड़ने का प्रयास

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा की प्रधानाचार्य डॉ पूनम यादव ने तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह समाज के लोगों को तिरंगा के महत्व के साथ साथ स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजाद भारत के सफर से अवगत कराना और राष्ट्रीयता की भावना का संचार करना है।संस्कृति मंत्रालय द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में शुरू किए गए हर घर तिरंगा ,तिरंगा यात्रा जैसे अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज लाने और इसे गर्व के साथ फहराने के लिए प्रेरित करना भी है।

तिरंगा यात्रा बन गया है जन आंदोलन

मधेपुरा कॉलेज मधेपुरा से शुरू तिरंगा यात्रा एनसीसी पदाधिकारी मेजर डॉ गौतम कुमार के नेतृत्व में पश्चिमी बायपास,कॉलेज चौक होते हुए विश्वविद्यालय परिसर पहुंची इस दौरान सभी एनसीसी कैडेट्स के हाथों में लहराते तिरंगा,वंदे मातरम,भारत माता की जय,झंडा ऊंचा रहे हमारा के गगनभेदी नारों से माहौल गुंजायमान होता रहा दूसरी तरफ तिरंगा यात्रा में छात्रा कैडेट्स की सर्वाधिक भागीदारी भी मुख्य आकर्षण रही।इस अवसर पर मेजर गौतम कुमार ने कहा कि
यह अभियान आज एक जन-आंदोलन बन चुका है, जो राष्ट्र को एकता के सूत्र में पिरोता है और देशभक्ति की भावना को मजबूत करता है. यह दर्शाता है कि 140 करोड़ देशवासी उस स्वतंत्र भारत को विकसित और सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए संकल्पित हैं, जिसका सपना असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग, तप और समर्पण से देखा था।

तिरंगा यात्रा में विकास कुमार,भवेश,अंशु,सुनैना,मौसम,प्रीतियादव,अभिषेक,सपना,शिवम,राहुल,संजय,अंकेश,अन्नू,शिवम,सिम्पल,अमित रहमत,अमरजीत,आशु,इरविन ,मनु सहित दर्जनों की संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं आम छात्र छात्राओं की भागीदारी रही।