फारबिसगंज की बेटी पूजा बनीं राज्य कर सहायक आयुक्त।

BPSC में 159 वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

मुन्ना ठाकुर
फारबिसगंज(अररिया). बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70 वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में अररिया जिले के फारबिसगंज की बेटी पूजा कुमारी ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। पूजा कुमारी ने परीक्षा में 159 वीं रैंक प्राप्त करते हुए राज्य कर सहायक आयुक्त (State Tax Assistant Commissioner) के पद पर सफलता हासिल की है।


पूजा कुमारी फारबिसगंज शहर के राममनोहर लोहिया पथ वार्ड संख्या 08, पुराना बस स्टैंड रोड निवासी शिक्षक राजकुमार रजक एवं सुलेखा देवी की पुत्री हैं। वह स्वर्गीय किशुन रजक नातीपुत्री हैं। उनके पिता राजकुमार रजक वर्तमान में उच्च विद्यालय छपरा में प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके चाचा मनोज रजक सरकारी शिक्षक हैं। साधारण परिवार से आने वाली पूजा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
पूजा की प्रारंभिक शिक्षा फारबिसगंज के ही स्थानीय स्कूल में हुई। बचपन से ही मेधावी छात्रा रही पूजा ने हमेशा शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाया। उनकी प्रतिभा और मेहनत का ही परिणाम है कि 4 अप्रैल 2024 को उनका चयन पटना उच्च न्यायालय में सहायक अनुभाग पदाधिकारी (Assistant Section Officer) के पद पर हुआ था। वर्तमान में वह इस पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और अब BPSC की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर राज्य कर सहायक आयुक्त बनने का गौरव हासिल किया है।
पूजा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से फारबिसगंज सहित पूरे अररिया जिले में खुशी का माहौल है। लोगों ने मिठाइयाँ बांटकर खुशी जाहिर की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूजा कुमारी की यह सफलता विशेष रूप से बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उन्होंने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर किसी भी ऊँचाई को छुआ जा सकता है।