अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शगुन वेंकट हॉल में भव्य योग शिविर आयोजित

मुन्ना ठाकुर
फारबिसगंज (अररिया).अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र का मुख्य योग शिविर कार्यक्रम अनुमंडल मुख्यालय स्थित शगुन वेंकट हॉल में पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में योग शिक्षक मदन मोहन मेहता की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फारबिसगंज के कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास, अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी, मुख्य पार्षद बीना देवी सहित सैकड़ों की संख्या में योग साधक, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी, विधायक मनोज विश्वास, ओम शांति केंद्र की संचालिका बीके रुक्मा दीदी, योग शिक्षक मदन मोहन मेहता एवं पतंजलि योग समिति के अजातशत्रु अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
योगाचार्य योगेंद्र कुमार यादव ने पतंजलि योगपीठ से प्राप्त निर्देशिका के अनुसार योगाभ्यास कराया, जबकि योगासन का प्रदर्शन शंकर कुमार ने किया। समिति की नमिता वर्मा ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं सुबोध गुप्ता, काशीनाथ जी, शिव नारायण गुप्ता एवं सुरेंद्र प्रसाद मंडल ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं माला भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में विधायक मनोज विश्वास ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पतंजलि योग समिति के प्रयासों की सराहना की तथा समिति के नियमित योग कार्यक्रमों के लिए विशेष सहयोग की घोषणा की। अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति निरोग एवं स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया।
समाजसेवी इंजीनियर आयुष अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के कारण आज योग वैश्विक स्तर पर स्थापित हो चुका है। जो योग कभी ऋषि-मुनियों तक सीमित था, वह आज आम जनमानस के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बीके रुक्मा दीदी ने लगभग दस मिनट के विशेष मेडिटेशन सत्र के माध्यम से उपस्थित लोगों को राजयोग का अभ्यास कराया। उन्होंने मन को शांत एवं स्थिर रखने तथा आत्मिक चेतना को विकसित करने की विधि समझाई।
कार्यक्रम का संचालन अजातशत्रु अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उपस्थित योग साधकों ने पूरे मनोयोग से योगाभ्यास एवं ध्यान का लाभ उठाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मदन मोहन मेहता, योगेंद्र यादव, माधवेन्द्र सिंह, मदन कनोजिया, कपिल देव रजक, सुरेंद्र मंडल, शंकर दास, राजू साह, अरुण सिंह, सुबोध गुप्ता, राजेश कुमार, राजकुमार राय, सूरज नारायण गुप्ता, नमिता वर्मा, अंबिका मेहता, लक्ष्मी साह, अभिलाषा देवी, शिखा देवी, मंजू देवी, सुनीता देवी, रंभा देवी, माधवी देवी, ज्योति जी सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्यों एवं योग साधकों ने सक्रिय योगदान दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में योग के प्रति लोगों का उत्साह और जागरूकता देखने योग्य रही।