बनमनखी स्थित पैतृक आवास पर उमड़ा जनसैलाब, भाजपा-एनडीए कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने दी श्रद्धांजलि

बनमनखी/पूर्णिया।

पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका की विमाता के निधन की खबर मिलते ही भाजपा एवं एनडीए कार्यकर्ताओं सहित सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग बनमनखी स्थित विधायक के पैतृक आवास पहुंचे और शोक-संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की।
समाजसेवी स्व. मंगलचंद खेमका के परिवार में हुई इस दुखद घटना की सूचना पर बनमनखी और पूर्णिया क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग मंगल खेमका चौक स्थित स्मारक स्थल पहुंचे। लोगों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
श्रद्धांजलि के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए मनिहारी ले जाया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोग शामिल हुए। भाजपा-एनडीए के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के अलावा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी अंतिम यात्रा में शामिल होकर परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
लोगों ने कहा कि परिवार के लिए यह अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। शोक की इस घड़ी में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने परिवार के प्रति सामाजिक जुड़ाव और संवेदना को भी प्रदर्शित किया।